16 नवंबर 2026 - 19:19
मीनाब के गुनहगारों को ईरान की खुली धमकी, हम तुम्हें ढ़ूंढ़ निकालेंगे

इस हमले में कम से कम 168 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 123 बच्चे शामिल बताए गए थे। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे।

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। दक्षिण अफ्रीका में स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिकी नौसेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों को सीधे तौर पर चेतावनी दी है। दूतावास ने कहा है कि मिनाब स्कूल पर हुए घातक हमले के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को वह ढूंढकर रहेगा।

ईरानी दूतावास ने अपनी आठ महीने पुरानी पोस्ट को दोबारा साझा करते हुए महज चार शब्दों में संदेश दिया- 'हम तुम्हें ढूंढ निकालेंगे।' इस पोस्ट में अमेरिकी युद्धपोत USS स्प्रांस से जुड़े दो अधिकारियों को निशाना बनाया गया है।

ईरानी दूतावास ने जिन अधिकारियों के नाम सार्वजनिक किए हैं, उनमें USS स्प्रांस के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर ली आर. टेट और एग्जीक्यूटिव ऑफिसर लेफ्टिनेंट कमांडर जेफ्री ई. यॉर्क शामिल हैं।

दूतावास ने 29 मार्च को की गई अपनी पुरानी पोस्ट में दोनों अधिकारियों को 'अपराधी' बताते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने तीन बार टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें दागने का आदेश दिया था। अब उसी पोस्ट को फिर से साझा कर ईरान ने अपनी चेतावनी दोहराई है।

यह पूरा मामला फरवरी में ईरान के खिलाफ शुरू हुए अमेरिका-इस्राईल के आतंकी अभियान के दौरान मिनाब शहर में हुए हमले से जुड़ा है। ईरान के मुताबिक, शजरे तय्यबेह स्कूल पर अमेरिकी मिसाइल गिरने से भारी तबाही हुई थी।

इस हमले में कम से कम 168 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 123 बच्चे शामिल बताए गए थे। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे।

ईरानी दूतावास की ताजा पोस्ट को इसी हमले के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे अमेरिकी सैन्य अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, दूतावास के आरोपों और अधिकारियों की जिम्मेदारी को स्वतंत्र रूप से प्रमाणित तथ्यों से अलग समझना जरूरी है।

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
टिप्पणीसंकेत
captcha